
नैनीताल। वीकेंड और अवकाश के चलते कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ी संख्या के बीच नैनीताल पुलिस ने यातायात एवं शटल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा है। एसपी क्राइम/ट्रैफिक, एसपी सिटी हल्द्वानी, एसपी संचार समेत सीओ, थाना-चौकी प्रभारी, टीआई, सीपीयू, पीएसी सहित पुलिस बल प्रमुख स्थानों पर तैनात रहकर यातायात व्यवस्था संभाल रहा है।
पुलिस के अनुसार प्रातः से अब तक 15 हजार से अधिक श्रद्धालु कैंची धाम में दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं को शटल बसों और टैक्सियों के माध्यम से मंदिर तक पहुंचाया जा रहा है। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं का लगातार सुरक्षित एग्जिट कराया जा रहा है, जिससे भीड़ का दबाव नियंत्रित बना हुआ है।
यातायात दबाव को देखते हुए अल्मोड़ा और गरमपानी की ओर से आने वाले वाहनों को खैरना/ख्वारब–तल्ला रामगढ़–भवाली चौराहा मार्ग से डायवर्ट किया गया है। पुलिस का कहना है कि शटल एवं डायवर्जन व्यवस्था के चलते फिलहाल कहीं भी जाम या यातायात संबंधी बड़ी कठिनाई की स्थिति रिपोर्ट नहीं हुई है।
पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने तथा कैंची धाम तक पहुंचने के लिए शटल सेवा का उपयोग करने की अपील की है।






