
नैनीताल। पर्वतीय सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में 13वीं इंटर स्कूल चेस चैंपियनशिप का रविवार को मल्लीताल स्थित गोवर्धन हॉल में शुभारंभ हुआ। उद्घाटन अवसर पर हाईकोर्ट के अधिवक्ता डीके जोशी, मनोज बिष्ट ‘गुड्डू’ समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में नैनीताल और आसपास के विभिन्न विद्यालयों के 140 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं। इनमें शेरवुड कॉलेज, लांग व्यू पब्लिक स्कूल, सेंट जॉर्ज स्कूल, बिड़ला विद्या मंदिर, सनवाल स्कूल, सैनिक स्कूल, जीडी गोयनका नौकुचियाताल, लेक्स इंटरनेशनल स्कूल भीमताल, रामा मोंटेसरी स्कूल, सेंट सैंट्स, सेंट मेरी और भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय समेत अन्य विद्यालयों के खिलाड़ी शामिल हैं।
समिति के अध्यक्ष ईश्वर तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल पांच राउंड खेले जाने हैं। लंच तक तीन राउंड पूरे हो चुके थे। अंडर-9 वर्ग में अद्रिजा पांडे, अंडर-11 में आचित्य उपाध्याय व रिभ्या जोशी, अंडर-13 में रुचिर बिष्ट, राघव तिवारी, शुभांशु दत्ता व कुषार्ग सिंह, अंडर-15 में अभिराज सिंह ढैला व दिव्यांश चंदोला तथा अंडर-18 में अर्जुन सिंह, आयुष गर्ग, निखिल सिंह व श्रद्धांस गंगवार बढ़त बनाए हुए हैं।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में एकाग्रता, तार्किक क्षमता, रणनीतिक सोच, निर्णय लेने की क्षमता और खेल भावना को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका शेर सिंह बिष्ट, दिव्यांशु तिवारी, तोषित तिवारी, विश्वकेतु वैद्य, मोहम्मद बिलाल, मुकेश बच्चन और मो. मतलूब ने निभाई। विभिन्न विद्यालयों के शतरंज कोच विक्रम रावत, अमित कुमार, मो. वसीम, भूपेंद्र, मयंक रावत और संदीप भी मौजूद रहे।
पर्वतीय सांस्कृतिक समिति ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, विद्यालयों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।






