कैंचीधाम में पर्यटन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 26 होम स्टे-होटलों पर शिकंजा
22 इकाइयों पर ₹10-₹10 हजार जुर्माना, बिना पंजीकरण चल रही इकाइयों को बंद करने के निर्देश
नैनीताल। कैंचीधाम क्षेत्र में पर्यटन विभाग ने होम स्टे और होटलों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। जिला पर्यटन विकास अधिकारी के नेतृत्व में हुई जांच में कुल 26 होम स्टे व होटल इकाइयों का भौतिक सत्यापन किया गया। इस दौरान पर्यटन नियमों के उल्लंघन पर 22 पंजीकृत इकाइयों पर ₹10-₹10 हजार का अर्थदंड लगाया गया, जबकि बिना पंजीकरण संचालित पाई गई इकाइयों के खिलाफ संचालन बंद कराने की कार्रवाई की गई।
निरीक्षण में कई इकाइयों में रेट लिस्ट प्रदर्शित नहीं होना, पंजीकृत कमरों से अधिक कमरों का संचालन तथा पर्यटन नियमावली के निर्धारित मानकों का पालन नहीं करना पाया गया। इसके बाद विभाग ने संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की।
पर्यटन विभाग के अनुसार, बिना पंजीकरण संचालित पाई गई इकाइयों को तत्काल प्रभाव से संचालन बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं मानकों के अनुरूप संचालन नहीं मिलने पर चार इकाई संचालकों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किए गए हैं।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने कहा कि जनपद में होटल और होम स्टे इकाइयों का नियमित रूप से भौतिक निरीक्षण किया जा रहा है। जांच में मानकों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कारण बताओ नोटिस: हेमंत कुमार मेहता, कासा माउंटेन, गिरी राज किशोर गुप्ता और विवेक कुमार शर्मा को नोटिस जारी किए गए।
खबरी दाजू — हर खबर पर दाज्यू की नजर।






