नैनीताल विधानसभा में बूथ सशक्तिकरण पर जोर, डॉ. भुवन चंद्र आर्य ने किया जनसंपर्क
नैनीताल। भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य डॉ. भुवन चंद्र आर्य ने गुरुवार को नैनीताल विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक बैठक, जनसंपर्क और दुग्ध बोनस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
नैनीताल क्लब में आयोजित विधानसभा स्तरीय संगठनात्मक बैठक में विधानसभा प्रभारी रवि मोहन अग्रवाल और विधानसभा विस्तारक करन पाठक का स्वागत किया गया। बैठक में नैनीताल मंडल अध्यक्ष नीतीन कार्य, भवाली मंडल अध्यक्ष हिमांशु बिष्ट, गरमपानी मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, बेतालघाट मंडल अध्यक्ष प्रताप बोरा और ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सुरेश उप्रेती सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में बूथ सशक्तिकरण और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।
इसके बाद डॉ. आर्य ने सरियाताल क्षेत्र में जनसंपर्क किया। इस दौरान शिव सिंह, नीतीन कनवाल, रविन्द्र बिष्ट तथा कुमाऊं विश्वविद्यालय के कार्य परिषद सदस्य एवं भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अरविंद पडियार मौजूद रहे।
वहीं, न्याय पंचायत खुरपाताल में आयोजित दुग्ध बोनस कार्यक्रम में भी डॉ. आर्य ने भाग लिया। कार्यक्रम में उन्हें पुष्पगुच्छ और प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दुग्ध समिति अध्यक्ष मुकेश बोरा ने की। इस अवसर पर न्याय पंचायत के जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय लोगों की उपस्थिति रही।




















