जनहित नैनीताल

नैनीताल में पैदल यात्रियों की सुरक्षा का मुद्दा: चीना बाबा मंदिर से बी.डी. पांडे अस्पताल मार्ग को ‘पैदल मार्ग’ घोषित करने की मांग

ख़बर शेयर करें

नैनीताल। शहर में लगातार बढ़ते यातायात और पैदल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जनहित संस्था नैनीताल ने जिलाधिकारी से महत्वपूर्ण मांग उठाई है। संस्था के प्रतिनिधिमंडल ने कार्यकारी अध्यक्ष दिव्या शाह के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मुलाकात कर चीना बाबा मंदिर (मल्लीताल) से बी.डी. पांडे अस्पताल तक के संकरे मार्ग को केवल पैदल यात्रियों के लिए आरक्षित (पैदल मार्ग) घोषित करने का ज्ञापन सौंपा।

संस्था ने कहा कि वर्ष 2013 से जनहित संस्था एक गैर-राजनीतिक संगठन के रूप में शहर के जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रशासन के समक्ष उठाती रही है। वर्तमान में इस मार्ग से प्रतिदिन स्थानीय नागरिकों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, स्कूली बच्चों, पर्यटकों तथा उच्च न्यायालय आने-जाने वाले अधिवक्ताओं और अन्य लोगों की बड़ी संख्या में आवाजाही होती है।

ज्ञापन में बताया गया कि नैनीताल में वाहनों और दोपहिया वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण यह संकरा मार्ग पैदल यात्रियों के लिए खतरनाक बन गया है। लगातार वाहनों की आवाजाही से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, जिससे विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

संस्था ने सुझाव दिया कि इस मार्ग को पूर्ण रूप से पैदल मार्ग घोषित किया जाए तथा यदि संभव हो तो वाहनों का आवागमन मेट्रोपोल मार्ग से संचालित किया जाए। इससे पैदल यात्रियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि प्रस्ताव का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल में कार्यकारी अध्यक्ष दिव्या शाह, प्रो. ललित तिवारी, महासचिव महेश चंद्र आर्य तथा सोनू शाह शामिल रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें शहर की यातायात व्यवस्था और जनसुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *