बजून में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाई खुशी, कहा—दिनेश आर्य के कार्यकाल में क्षेत्रीय विकास को मिलेगी गति
बजून/नैनीताल। दिनेश आर्य के राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने पर नैनीताल ग्रामीण मंडल के बजून में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त किया। भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य भुवन आर्य ने इस अवसर पर केंद्रीय नेतृत्व एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए दिनेश आर्य के सफल कार्यकाल की कामना की।
भुवन आर्य ने कहा कि भाजपा में एक साधारण कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत, निष्ठा और संगठन के प्रति समर्पण के बल पर महत्वपूर्ण दायित्व तक पहुंच सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिनेश आर्य के राज्यसभा कार्यकाल में नैनीताल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की विकास संबंधी समस्याओं को उचित मंच मिलेगा और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
शक्ति केंद्र संयोजक पान सिंह खनी ने कहा कि दिनेश आर्य को राज्यसभा सांसद की जिम्मेदारी मिलना संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं के सम्मान का प्रतीक है। वहीं, नैनीताल ग्रामीण मंडल महामंत्री गौरव गोस्वामी ने उनके सरल स्वभाव और संगठन के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए इसे कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी बताया।
युवा मोर्चा अध्यक्ष मुकेश मेहरा ने भी दिनेश आर्य के राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने पर प्रसन्नता जताते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष हेम बहुखंडी, जिला सह-संयोजक आईटी योगेश बिष्ट, ओबीसी मोर्चा महामंत्री गौरव गोस्वामी, जिला किसान मोर्चा नीति एवं अनुसंधान सह-संयोजक दीपक कनवाल, मंडल मंत्री विजय बिष्ट, कुंदन अधिकारी, गोविंद अधिकारी, नलनी ग्राम प्रधान सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
खबरी दाजू | हर खबर पर दाज्यू की नजर













