16 अक्टूबर से दुर्गा पूजा महोत्सव का आगाज, 17 से 19 तक सजेगी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की महफिल
माया उपाध्याय, इंदर आर्य, मेघा चंद्र और राकेश कनवाल के साथ स्थानीय लोक कलाकार भी देंगे प्रस्तुतियां, 20 अक्टूबर को निकलेगा डोला भ्रमण
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में 16 अक्टूबर से दुर्गा पूजा महोत्सव का आगाज होगा। महोत्सव के तहत 17, 18 और 19 अक्टूबर को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें उत्तराखंड के साथ ही विभिन्न राज्यों के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
महोत्सव में माया उपाध्याय, इंदर आर्य, मेघा चंद्र और राकेश कंवल के अलावा स्थानीय लोक कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्तराखंड की लोक संस्कृति के साथ राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक झलक भी देखने को मिलेगी।
आयोजन समिति के पदाधिकारी महोत्सव की तैयारियों में जुटे हैं। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रमों को भव्य रूप देने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
वहीं, 20 अक्टूबर को मां नयना देवी मंदिर से डोला भ्रमण निकाला जाएगा। डोला मल्लीताल बाजार, मॉल रोड और तल्लीताल बाजार से होते हुए गुजरेगा। इसके बाद नैनी झील में विधि-विधान के साथ विसर्जन किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में समिति के उपाध्यक्ष त्रिभुवन फर्त्याल, उमेश मिश्रा, दिनेश भट्ट, सुरेश चौधरी, अमिता शाह और दीप्ति बोरा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।












