नैनीताल न्यूज

टोल पास को लेकर भड़का टैक्सी यूनियनों का आक्रोश, नगर पालिका कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन

ख़बर शेयर करें

 

नैनीताल। नगर पालिका द्वारा टैक्सी संचालकों के टोल पास जारी न किए जाने के विरोध में गुरुवार को मल्लीताल और तल्लीताल टैक्सी यूनियनों के पदाधिकारियों एवं चालकों ने नगर पालिका कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अधिशासी अधिकारी और नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए “हाय-हाय” के नारे लगाए।

प्रदर्शनकारी अधिशासी अधिकारी और नगर पालिका अध्यक्ष से टोल पास के संबंध में वार्ता करने पहुंचे थे, लेकिन दोनों के नहीं मिलने पर टैक्सी चालकों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका प्रशासन उन्हें लगातार टोल पास के मामले में गुमराह कर रहा है और बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगवाए जा रहे हैं।

मल्लीताल टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष दीपक मटियाली ने कहा कि टोल पास का मामला लंबे समय से लंबित है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका न्यायालय के आदेशों का भी पालन नहीं कर रही है, जिससे टैक्सी संचालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

प्रदर्शन में मल्लीताल टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष दीपक मटियाली, सचिव दीवान रौतेला, उपसचिव राहुल शाह तथा तल्लीताल टैक्सी यूनियन के रमेश जोशी, संरक्षक प्रवीण बिष्ट, उपाध्यक्ष गोविंद पवार, ललित जोशी, सुनील जोशी, निर्मल जीवन मिरोला, पुनीत साह, विक्की सहित बड़ी संख्या में टैक्सी चालक एवं यूनियन सदस्य मौजूद रहे।

टैक्सी यूनियनों ने मांग की कि टोल पास का मामला शीघ्र निस्तारित किया जाए और न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए सभी पात्र टैक्सी संचालकों को बिना विलंब पास जारी किए जाएं। वहीं, समाचार लिखे जाने तक नगर पालिका की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *