
नैनीताल। नैनीताल ताइक्वांडो क्लब की प्रतिभावान खिलाड़ी विशाखा राजपूत ने अपनी शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए बिजनौर, उत्तर प्रदेश में आयोजित नॉर्थ जोन सीबीएसई ताइक्वांडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर नैनीताल का नाम रोशन किया है। विशाखा ने 52 से 55 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
विशाखा की इस शानदार उपलब्धि के साथ ही उनका चयन आगामी राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए भी हो गया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन रांची, झारखंड में किया जाएगा। अब विशाखा राष्ट्रीय स्तर पर अपने खेल का दम दिखाते हुए पदक जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगी।
मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर की कक्षा 11 की छात्रा विशाखा ने अपनी मेहनत, लगन और बेहतरीन खेल कौशल के दम पर यह सफलता हासिल की है। नॉर्थ जोन स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने के बाद उनके राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन से नैनीताल ताइक्वांडो क्लब में खुशी का माहौल है।
विशाखा के स्वर्ण पदक जीतने पर क्लब अध्यक्ष विश्वकेतु वैद्य, कोच विनोद कुमार वैद्य एवं भूमिका सहित विशाखा के अभिभावकों को बधाई दी गई। क्लब पदाधिकारियों ने विशाखा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
विशाखा की उपलब्धि पर क्लब के संरक्षक एवं सांसद प्रतिनिधि गोपाल सिंह रावत, कैंट सीईओ तनु जाट, बहादुर सिंह रौतेला, डॉ. मनोज सिंह बिष्ट, जगदीश बवाड़ी, मनोज जोशी, गोविंद प्रसाद, विक्की, प्रगति जैन, जीवंती भट्ट, गज़ाला कमाल और मानसी बरगली सहित क्लब के सभी सदस्यों एवं खिलाड़ियों ने खुशी जताते हुए विशाखा को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि विशाखा की यह उपलब्धि नैनीताल के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है। सभी को उम्मीद है कि रांची में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी विशाखा शानदार प्रदर्शन कर पदक हासिल करेंगी और नैनीताल के साथ उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगी।
