
56वीं बाल चित्रकला प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में बच्चों की कला ने मोहा मन, संगीत और कत्थक की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
नैनीताल। बच्चों की कल्पनाओं और रंगों की खूबसूरती ने नैनीताल में आयोजित 56वीं ऑन-द-स्पॉट बाल चित्रकला प्रतियोगिता-2026 के पुरस्कार वितरण समारोह को खास बना दिया। शारदा संघ एवं प्रायोजक द नैनीताल बैंक लिमिटेड के सहयोग से गुरुवार को शारदा संघ सभागार में आयोजित समारोह में मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर ने शारदा संघ ट्रॉफी अपने नाम की। भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय दूसरे और लॉन्गव्यू पब्लिक स्कूल तीसरे स्थान पर रहा।
समारोह के मुख्य अतिथि कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. रितेश साह तथा विशिष्ट अतिथि फॉरेंसिक साइंस संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. महेंद्र राणा रहे। अतिथियों ने बच्चों की कलात्मक प्रतिभा, कल्पनाशीलता और रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देती हैं।
बराबर अंक मिलने के बाद इस आधार पर मिला पहला स्थान
प्रतियोगिता में मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर और भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय ने नौ-नौ अंक हासिल किए। प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार विजेता प्रतिभागियों की संख्या अधिक होने के आधार पर मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर को प्रथम स्थान दिया गया। शारदा संघ ट्रॉफी एवं प्रथम पुरस्कार स्वर्गीय मंजू बिष्ट की स्मृति में बिष्ट परिवार की ओर से प्रदान किया गया। द्वितीय पुरस्कार द नैनीताल बैंक ट्रॉफी भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय को स्वर्गीय घनश्याम लाल साह की स्मृति में दिया गया। तृतीय पुरस्कार कुर्मांचल नगर सहकारी बैंक ट्रॉफी लॉन्गव्यू पब्लिक स्कूल को स्वर्गीय अनिल कुमार गोयल की स्मृति में प्रदान की गई।
छह वर्गों में सम्मानित हुए प्रतिभागी
प्रतियोगिता में टाइनी टॉट्स, मिनी, सब-जूनियर, जूनियर, मिडिल और सीनियर वर्ग में बच्चों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न वर्गों में गुरनाज कौर, अव्रनील सिंह महरा, अविरल सिंह, निशिका शर्मा, चित्राक्षी मठपाल, वेदांश जोशी, सारा कृष्णानी, दिव्यांशु पाठक, भावेश भट्ट, वैभवी मेहरा, कामाक्षी शाक्य, संजना बिष्ट और राफिया परवीन सहित कई प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
विजेताओं को ट्रॉफी के साथ प्रथम पुरस्कार में एक हजार, द्वितीय में 800, तृतीय में 600 और सांत्वना पुरस्कार के रूप में 400 रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। पंडित चंद्रशेखर पंत संगीत विद्यालय के बच्चों के लिए विशेष लकी ड्रॉ पुरस्कार भी रखा गया।
संगीत और कत्थक की प्रस्तुतियों ने जीता दिल
समारोह में पंडित चंद्रशेखर पंत संगीत विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। आर्द्रिका, निर्मल जोशी, हर्षिता गुसाईं, स्तुति जोशी और मुस्कान ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मयंक सिराला ने सितार वादन किया, जबकि दीपक बिनवाल ने संगत दी। नीलम तिवाड़ी, अरुमिता साह, दिविशा नेगी, भूमिका बुडलाकोटी, आरुषी आर्या और चेतना आर्या ने कत्थक नृत्य की प्रस्तुति देकर दर्शकों की सराहना बटोरी।
कार्यक्रम का संचालन हेमंत बिष्ट ने किया। समापन पर शारदा संघ के अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट ने अतिथियों, प्रायोजकों, विद्यालयों, शिक्षकों, अभिभावकों और प्रतिभागियों का आभार जताया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में कला, संस्कृति और रचनात्मकता के प्रति रुचि बढ़ाना तथा उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना रहा।



















