
कलश यात्रा में गूंजे मां दुर्गा के जयकारे, कुमाऊंनी-बंगाली संस्कृति का दिखा संगम
नैनीताल। सर्वजनिन दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। नैना देवी मंदिर परिसर से निकली शोभायात्रा में पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं के साथ स्कूली बच्चों ने आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं। बैंड-बाजों की धुन और मां दुर्गा के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा।
कलश यात्रा नैना देवी मंदिर परिसर से शुरू होकर मल्लीताल पंत पार्क, रिक्शा स्टैंड और खड़ी बाजार से होते हुए वापस नैना देवी मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में कुमाऊंनी और बंगाली संस्कृति का खूबसूरत संगम देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक झांकियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कमेटी के उपाध्यक्ष त्रिभुवन फर्त्याल ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से उत्साहजनक रही है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के संदेश को लेकर मैराथन का भी आयोजन किया गया।
शाम को नैना देवी मंदिर परिसर में मां दुर्गा की प्रतिमा की विधि-विधान से प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। इसके साथ ही पांच दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव के विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू होगा।
कार्यक्रम में डॉली भट्टाचार्य, सुमन शाह, मुन्नी भट्ट, सरिता कुरिया, ममता भट्ट, सीमा पांडे, तापसी मोइतो, निभा वर्मा, रुचि वर्मा, मंजू बोरा, मंजू रौतेला, तृप्ति मंजूमदार, कुसुमलता सनवाल, रश्मी राणा, अमिता शाह सहित शहर की अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।




















