वरिष्ठ भाजपा नेताओं से मिले डॉ. भुवन आर्य, चुनावी तैयारियों पर मंथन
नैनीताल। भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य एवं नैनीताल विधानसभा क्षेत्र से जुड़े डॉ. भुवन चंद्र आर्य ने बुधवार को देहरादून में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा के साथ संगठनात्मक विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
डॉ. भुवन चंद्र आर्य ने भाजपा कार्यालय पहुंचकर उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट से शिष्टाचार भेंट की। इसके बाद उन्होंने प्रदेश संगठन के वरिष्ठ नेता फणीन्द्र नाथ शर्मा से भी मुलाकात कर पुष्पगुच्छ भेंट किया।
डॉ. आर्य ने महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी के आवास पर पहुंचकर उनसे भी शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान आत्मीय मुलाकात के साथ आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई और उन्होंने कोश्यारी का आशीर्वाद लिया।
एक ही दिन में भाजपा के प्रदेश नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं से डॉ. आर्य की मुलाकात को नैनीताल विधानसभा क्षेत्र में उनकी बढ़ती राजनीतिक सक्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है।




















