
नैनीताल। 16 अक्टूबर से चल रहे सार्वजनिन दुर्गा पूजा महोत्सव के तहत मंगलवार को मां दुर्गा की प्रतिमा का भव्य डोला नगर भ्रमण कराया गया। मंदिर से डोला निकलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मां के जयकारों के बीच श्रद्धालु डोले के साथ चलते रहे और पूरे नगर का माहौल भक्तिमय बना रहा।
नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने डोले पर पुष्पवर्षा कर मां दुर्गा का स्वागत किया। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने अपने प्रतिष्ठानों के बाहर मां की पूजा-अर्चना की। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद, शीतल पेय और आइसक्रीम का वितरण भी किया गया।
डोले से पूर्व मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद मां दुर्गा के डोले के साथ बच्चों की अलग-अलग झांकियां और शोभायात्रा भी आकर्षण का केंद्र रही। विभिन्न वेशभूषाओं में सजे बच्चों ने लोगों का ध्यान खींचा। जगह-जगह उमड़ी भीड़ और श्रद्धालुओं की आस्था ने आयोजन की भव्यता बढ़ा दी।
नगर भ्रमण के दौरान कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन किया गया। सरस्वती रेस्टोरेंट की ओर से आलू-रायता का प्रसाद, शीतल पेय और आइसक्रीम वितरित की गई, जबकि अन्य स्थानों पर भी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई।
डोले के साथ चल रहे श्रद्धालु मां दुर्गा के जयकारे लगाते रहे। पूरे नगर में घंटों तक भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने मां से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और मंगल की कामना की। डोला नगर भ्रमण के बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मां दुर्गा की प्रतिमा का नैनी झील में विसर्जन किया गया।



















