
नैनीताल। सेंट जॉन्स स्कूल नैनीताल में शनिवार को आयोजित ‘NEXUS-2026’ प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक सरिता आर्या और विशिष्ट अतिथि सांसद प्रतिनिधि गोपाल सिंह रावत की उपस्थिति में हुआ।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, कला, क्राफ्ट और उत्तराखंड की पारंपरिक ऐपण कला पर आधारित आकर्षक मॉडल एवं प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और नवाचार के माध्यम से विभिन्न विषयों को व्यावहारिक रूप में प्रदर्शित किया। विज्ञान के प्रयोगों, गणितीय मॉडलों और ऐपण कला की प्रस्तुतियों ने विशेष आकर्षण बटोरा।
मुख्य अतिथि विधायक सरिता आर्या ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों से उनके प्रोजेक्ट की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों की मेहनत और रचनात्मक सोच की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना विकसित करते हैं। शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान का समन्वय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है।
इस अवसर पर आलोक जोशी, डॉ. अशोक उप्रेती, डॉ. पुष्पा अधिकारी, कविता गंगोला, गीता रावत, आनंद बिष्ट, सभासद भगवत सिंह रावत, जानकी बिष्ट, हरीश राणा, भारत सिंह मेहरा, दीपा चौधरी, कनिका रावत राणा, करण साह और छात्रसंघ अध्यक्ष आर्यन बेलवाल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
विद्यालय प्रबंधक राहुल थॉमस एवं प्रधानाचार्य विनीता रावत के मार्गदर्शन में आयोजित प्रदर्शनी को सफल बनाने में उपप्रधानाचार्य पूनम बिष्ट सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।
प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के साथ ही कला, विज्ञान और स्थानीय संस्कृति के समन्वय से शिक्षा को रोचक एवं उपयोगी बनाने का संदेश दिया।



















