नैनीताल मनोरंजन

हरेला महोत्सव का रंगारंग समापन, लोक संस्कृति के रंग में सराबोर हुआ नैनीताल

ख़बर शेयर करें

हरेला महोत्सव का रंगारंग समापन, लोक संस्कृति के रंग में सराबोर हुआ नैनीताल

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ, कुमाऊंनी नृत्य प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित

नैनीताल। लेक सिटी वेलफेयर क्लब द्वारा आयोजित हरेला महोत्सव का रविवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य समापन हो गया। समापन समारोह का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हरेला केवल हरियाली का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का प्रतीक है। देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने लेक सिटी वेलफेयर क्लब के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने का सशक्त माध्यम बन रहा है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने कुमाऊंनी नृत्य प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया। सब जूनियर वर्ग में ख्याना बिष्ट प्रथम, सनाया सारंग द्वितीय तथा चित्रांशी मठपाल तृतीय रहीं। जूनियर वर्ग में हिमांशी प्रथम, दिवाकर द्वितीय और पारुल तृतीय स्थान पर रहे। सीनियर वर्ग में दुर्गांसा जैन प्रथम, धीरज द्वितीय तथा निहारिका तृतीय स्थान पर रहीं।

कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या, दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्य, शांति मेहरा, भावना मेहरा, प्रधानाचार्य मनोज पांडे, आलोक साह, बिशन सिंह मेहता, लेक सिटी वेलफेयर क्लब की अध्यक्ष कविता त्रिपाठी, सचिव प्रगति जैन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्लब के सदस्य मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन मीनाक्षी कीर्ति एवं दीपा पांडे ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *