बड़ी खबर: नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट, 5 सितंबर को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के बाद नैनीताल जिले में 5 सितंबर 2026 को भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने आदेश जारी कर शनिवार, 5 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
मौसम विभाग के अनुसार जिले के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश तथा कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। तेज बारिश के कारण नदी-नालों एवं गधेरों में जलस्तर बढ़ने और अचानक जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है।
आदेश में विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं और कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश दिए जाने की बात कही गई है। संबंधित शिक्षा एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने सभी लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
Follow करें — Page Ganesh Chandra Kandpal | Khabri Daju.com | हर खबर पर दाज्यू की नजर।
