
नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में छात्र संघ चुनाव 2026-27 को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 15 वैध प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। वहीं छात्र उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी कुनाल बेदी का नामांकन निर्धारित आयु सीमा पूरी नहीं होने के कारण खारिज कर दिया गया। खास बात यह रही कि नाम वापसी के दौरान किसी भी प्रत्याशी ने अपना नाम वापस नहीं लिया।
निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी पत्रांक डीएसडब्ल्यू/छा०सं०चु०/2026-27/107 दिनांक 26 सितंबर 2026 के अनुसार बीए-एलएलबी चतुर्थ वर्ष, सप्तम सेमेस्टर के छात्र कुनाल बेदी की जन्मतिथि 10 अप्रैल 2003 है। अभिलेखों के आधार पर 1 जुलाई 2026 को उनकी आयु 23 वर्ष 2 माह 21 दिन पाई गई, जो कुमाऊं विश्वविद्यालय छात्र संघ संविधान के अनुच्छेद 5(अ) में निर्धारित आयु सीमा से अधिक है। इसी आधार पर उनका नामांकन निरस्त किया गया।
अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला
जारी अंतिम सूची के अनुसार अध्यक्ष पद पर भानु प्रताप सिंह चौहान, शुभम कुमार और हिमांशु आर्या आमने-सामने हैं। छात्रा उपाध्यक्ष पद पर कुमकुम जोशी, जबकि छात्र उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक रैकुनी मैदान में हैं।
सचिव पद पर कमल कार्की, संयुक्त सचिव छात्रा आरक्षित पद पर अनुष्का पुरी और गौरी, कोषाध्यक्ष छात्रा आरक्षित पद पर सृष्टि रावत और विदुषी वर्मा, सांस्कृतिक सचिव पद पर हर्षित जोशी तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर तनमय भंडारी चुनाव लड़ेंगे।
संकाय प्रतिनिधि पदों पर कला से अनिल कुमार, वाणिज्य से संध्या कापड़ी, विधि से दिव्यांशी कौशल और प्रबंधन अध्ययन से सानिध्य उप्रेती मैदान में हैं।
निर्वाचन अधिकारी प्रो. मनोज कुमार आर्या ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच के बाद वैध प्रत्याशियों की सूची जारी की गई तथा नाम वापसी की समय सीमा पूरी होने के बाद अंतिम सूची प्रकाशित कर दी गई है।
चुनावी प्रक्रिया के दौरान परिसर निदेशक प्रो. संजय पंत, प्रो. ललित तिवारी, प्रो. आरसी जोशी, डॉ. सुषमा टम्टा, डॉ. नीलू, डॉ. गीता तिवारी, डॉ. विजय कुमार, डॉ. गगन होती, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. महेश आर्य, डॉ. दीपिका पंत, डॉ. अमित मेलकानी, डॉ. शिवांगी, प्रो. हरीश बिष्ट, डॉ. नंदन बिष्ट, डॉ. मोहित रौतेला, डॉ. दीपक मेलकानी सहित सीबी जोशी, हेमंत कुमार, बृजेश जोशी आदि जुटे रहे।
खबरी दाजू | हर खबर पर दाज्यू की नजर






