नंदा देवी महोत्सव को भव्य बनाने मातृ शक्ति ने संभाली कमान
124वें वर्ष में ऐतिहासिक आयोजन की तैयारी तेज, 16 से 23 सितंबर तक गूंजेगा नैनीताल
नैनीताल। उत्तराखंड की संस्कृति, आस्था और विरासत का प्रतीक श्री नंदा देवी महोत्सव 2026 अपने 124वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। महोत्सव को भव्य एवं व्यवस्थित रूप देने के लिए रविवार को सभा भवन में मातृ शक्ति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी ने आयोजन को लेकर शहर के उत्साह को साफ जाहिर किया।
बैठक की अध्यक्षता मनोज साह ने की, जबकि संचालन जगदीश बबाड़ी एवं प्रो. ललित तिवारी ने किया। बैठक में पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी, पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा तथा वरिष्ठ अधिवक्ता चक्रधर बहुगुणा ने भी अपने विचार रखे।
मातृ शक्ति की भागीदारी ने बढ़ाया उत्साह
सभा भवन में आयोजित बैठक में मातृ शक्ति की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। महिलाएं एकजुट होकर महोत्सव की तैयारियों, व्यवस्थाओं और कार्यक्रमों को लेकर चर्चा करती नजर आईं। बैठक के दौरान महोत्सव को सफल बनाने के लिए महिलाओं के सहयोग और भागीदारी की सराहना की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि नैनीताल के सभी घरों में झंडे और कैलेंडर वितरित किए जाएंगे, ताकि महोत्सव का संदेश शहर के प्रत्येक परिवार तक पहुंचे। साथ ही महोत्सव के दौरान सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया।
16 से 23 सितंबर तक होंगे भव्य आयोजन
बैठक में महोत्सव की कार्यक्रम रूपरेखा भी साझा की गई।
16 सितंबर को सभा भवन में उद्घाटन, 17 सितंबर को कदली नगर भ्रमण, 18 सितंबर को मूर्ति निर्माण के साथ बच्चों की क्विज एवं लोकगीत प्रतियोगिता, 19 सितंबर को मूर्ति स्थापना, 20 सितंबर को हवन, 21 सितंबर को महाभंडारा, 22 सितंबर को सुंदरकांड एवं भजन और 23 सितंबर को डोला नगर भ्रमण के बाद विसर्जन होगा।
बैठक में महाभंडारे की व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा की गई और आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों के साथ होगी अगली बैठक
बताया गया कि सोमवार को एसडीएम नैनीताल सभा भवन में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर महोत्सव की प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा करेंगे। वहीं 30 अगस्त को नैनीताल के नागरिकों तथा युवाओं के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी।
बैठक में अशोक साह, राजेंद्र बिष्ट, विमल चौधरी, विमल साह, भुवन बिष्ट, हरीश राणा, मोहित लाल साह, दिनेश भट्ट, गोधन सिंह, मिथिलेश पांडे, धर्मेंद्र शर्मा, सभासद लता दफौटी, गज़ाला कमाल, गीता उप्रेती, शीतल कटियार, गीता बिष्ट, विवेक वर्मा, प्रदीप जेठी, पुष्पा बबाड़ी , रेशमा टंडन, सुनीता वर्मा, राजेंद्र लाल साह,
बड़ी संख्या में मातृ शक्ति एवं नागरिक मौजूद रहे।
नंदा देवी महोत्सव नैनीताल की धार्मिक आस्था के साथ-साथ यहां की लोक संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकजुटता की पहचान है। इस बार 124वें वर्ष में प्रवेश कर रहा यह महोत्सव शहरवासियों की सहभागिता के साथ और भी भव्य रूप लेने की उम्मीद है।
