युवा देश का भविष्य, गलत संगत और साइबर अपराध से बचाव का दिया संदेश
ज्योलिकोट। अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर बुधवार को शहीद हीरा बल्लभ भट्ट राजकीय इंटर कॉलेज ज्योलिकोट में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल की ओर से विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्षता में जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी के आदेशानुसार किया गया।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल की सचिव पारुल थपलियाल ने विद्यार्थियों को अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहते हुए किसी भी प्रकार की गलत संगत से बचना चाहिए।
इस दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया गया। उन्हें अंजान लिंक, संदिग्ध वेबसाइट और ऑनलाइन लालच से बचने की सलाह दी गई। साथ ही साइबर ठगी होने पर तत्काल टोल फ्री नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी के नए तरीकों के प्रति भी सतर्क किया गया।
शिविर में जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा बच्चों की सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य कुंदन सिंह बुदियाल द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव का स्वागत करने तथा विद्यार्थियों को अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं देने के साथ हुई।
शिविर में विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को उनके अधिकारों, कानूनी सहायता तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
