
ओलंपियन राजीव मेहता ने किया खेल महोत्सव का शुभारंभ, घुड़सवारी, योग, एरोबिक्स और मार्च पास्ट ने मोहा दर्शकों का मन
हल्द्वानी। आर्यमान विक्रम बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ लर्निंग, हल्द्वानी में शनिवार को वार्षिक खेलकूद समारोह ‘समत्वम्’ का भव्य आयोजन उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया। ‘विजय में विनम्रता, पराजय में गरिमा’ की प्रेरक थीम पर आयोजित समारोह में विद्यार्थियों ने खेल प्रतिभा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ओलंपियन एवं अंतरराष्ट्रीय खेल प्रशासक राजीव मेहता के भव्य स्वागत के साथ हुआ। विद्यालय के मुख्य द्वार पर घुड़सवारों ने पारंपरिक अंदाज में उनका स्वागत किया। हेड गर्ल इशिका कंबोज एवं हेड बॉय विनायक मेहरा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान एस्ट्रो पाठशाला के विद्यार्थियों द्वारा संचालित ड्रोन से पुष्पवर्षा भी आकर्षण का केंद्र रही।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवेश मेहरा ने स्वागत संबोधन में अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने विद्यालय ध्वज फहराकर और खेल मशाल प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। चारों सदनों दिनकर, दिवाकर, भास्कर और प्रभाकर के विद्यार्थियों ने अनुशासित मार्च पास्ट किया। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को खेल भावना, ईमानदारी और अनुशासन बनाए रखने की शपथ दिलाई।
अपने संबोधन में राजीव मेहता ने कहा कि घुड़सवारी एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय खेल है। हल्द्वानी में बिड़ला स्कूल की ओर से इस खेल की शुरुआत करना सराहनीय पहल है।
समारोह में विद्यार्थियों ने ‘फिट इंडिया, हिट इंडिया’ थीम पर एरोबिक्स, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ योगासन, ‘क्लासरूम से कॉसमॉस तक’ की अवधारणा पर एस्ट्रो पाठशाला का प्रदर्शन, म्यूजिकल फ्यूजन, घुड़सवारी, ताइक्वांडो और भांगड़ा की शानदार प्रस्तुतियां दीं। नन्हे विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया।
खेल प्रतियोगिताओं के तहत 100, 200 और 400 मीटर दौड़ के साथ रिले रेस के फाइनल मुकाबले आयोजित किए गए। विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। शैक्षणिक और खेल प्रतिस्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए।
प्रतियोगिताओं में दिवाकर हाउस का दबदबा
मार्च पास्ट में दिवाकर हाउस ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर पहला स्थान हासिल किया। चैंपियंस हाउस ट्रॉफी भास्कर और दिवाकर हाउस को संयुक्त रूप से प्रदान की गई, जबकि वर्षभर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रभाकर हाउस ने कॉक हाउस ट्रॉफी अपने नाम की।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि दिल्ली पब्लिक स्कूल रुद्रपुर के चेयरपर्सन सरदार सुरजीत सिंह ग्रोवर एवं आईटीसी (सेंचुरी पल्प एंड पेपर), लालकुआं के उपाध्यक्ष नरेश चंद्रा सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य लोग, अभिभावक और विद्यालय के पूर्व छात्र मौजूद रहे।
कार्यक्रम में हेड गर्ल इशिका कंबोज और हेड बॉय विनायक मेहरा ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। समारोह का संचालन 12 विद्यार्थियों की टीम ने किया। अंत में उपप्रधानाचार्य प्रकाश कुमार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
समारोह ने यह संदेश दिया कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, सहयोग, नेतृत्व और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उत्साह और उमंग के बीच समारोह का समापन हुआ।



















