
नैनीताल। वीकेंड और गणेश चतुर्थी के चलते कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं व पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था लागू की है। 13 सितंबर के वीकेंड और 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के दौरान यातायात को सुचारु रखने के लिए वाहनों के रूट डायवर्ट करने के साथ पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था की गई है।
अल्मोड़ा-रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। हल्द्वानी से पहाड़ की ओर जाने वाले आवश्यक सेवा के भारी वाहन निर्धारित मार्ग से जा सकेंगे, जबकि अन्य भारी वाहनों को यातायात दबाव के अनुसार भवाली के मस्जिद तिराहे से रोका जा सकता है।
भीमताल की ओर से कैंची धाम जाने वाले बाहरी पर्यटकों के निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से स्थानीय शटल सेवा के जरिए भवाली-कैंची धाम भेजा जाएगा। वहीं गेठिया-नैनीताल मार्ग से आने वाले पर्यटकों के वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा और आगे शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।
हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले चौपहिया वाहन रामगढ़-खुटानी मार्ग से जा सकेंगे। पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले चौपहिया वाहनों के लिए क्वारब-नथुवाखान-रामगढ़ मार्ग का विकल्प रहेगा।
पुलिस के अनुसार वीकेंड और अवकाश के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों और वाहन चालकों से अपील की है कि जाम और असुविधा से बचने के लिए निर्धारित डायवर्जन एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करें।
Follow करें — Page Ganesh Chandra Kandpal | Khabri Daju.com | हर खबर पर दाज्यू की नजर.

