
नैनीताल। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच नैनीताल–ज्योलीकोट मार्ग पर दो गांव के पास अचानक भारी मलबा आने से यातायात बाधित हो गया। सड़क पर मलबा आने से वाहनों की आवाजाही रुक गई और यात्रियों व स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोल-3 ज्योलीकोट पर तैनात कांस्टेबल अनूप सिंह और कांस्टेबल प्रदीप सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए जेसीबी की मदद से सड़क पर आया मलबा हटवाया और यातायात को सुचारू कराया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते मार्ग पर लंबा जाम लगने से बच गया। कुछ ही समय में सड़क साफ होने के बाद वाहनों की आवाजाही सामान्य हो गई।
भारी बारिश के बीच पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी से यात्रियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
