धार्मिक नैनीताल

नंदा देवी महोत्सव में प्रकृति के रंगों से साकार हो रहीं मां नंदा-सुनंदा की प्रतिमाएं, लोककला के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश

 

नंदा देवी महोत्सव में प्रकृति के रंगों से साकार हो रहीं मां नंदा-सुनंदा की प्रतिमाएं, लोककला के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेशनैनीताल। मां नंदा-सुनंदा की प्रतिमाओं के निर्माण में इस वर्ष भी नैनीताल की समृद्ध लोक परंपरा के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश देखने को मिल रहा है। प्रतिमाओं का निर्माण ऐसे प्राकृतिक और पर्यावरण अनुकूल पदार्थों से किया जा रहा है, जो विसर्जन के बाद प्रकृति में आसानी से विलीन हो जाते हैं।

प्रतिमा निर्माण में कदली वृक्ष, हरे बांस, रुई, कॉटन के कपड़े, प्राकृतिक रंग और भृंगराज के आसन जैसे प्राकृतिक अवयवों का प्रयोग किया जा रहा है। यह परंपरा धार्मिक आस्था के साथ हिमालय और प्रकृति के संरक्षण की भावना को भी दर्शाती है।

मां की प्रतिमाओं को आकार देने में चंद्रप्रकाश साह, गोधन सिंह, हीरा रावत, गोविंद सिंह बिष्ट, चिराग बिष्ट, अमर साह, दीपक गुर्रानी, भोला वर्मा, आनंद बिष्ट, हिमांशु गुप्ता, मोनिका साह, सौरभ दास, मेघा बिष्ट, नेहा विश्वेश गंगोला, सुमन, मेघा सागर सोनकर, नितेश मेहरा और अमित बिष्ट सहित लोक पारंपरिक कलाकार जुटे हैं।

पुराने शिल्पकारों की विरासत को आगे बढ़ा रहे कलाकार

नैनीताल में मां नंदा-सुनंदा की प्रतिमा निर्माण की यह परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। पूर्व में स्वर्गीय गंगा प्रसाद साह, ठाकुर दास साह, रमेश लाल चौधरी और पूरण लाल साह रेंजर ने इस लोक परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वर्तमान कलाकार उसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए मां की प्रतिमाओं को पारंपरिक स्वरूप प्रदान कर रहे हैं।

नंदा देवी महोत्सव में प्रतिमा निर्माण धार्मिक आस्था के साथ कुमाऊं की लोक संस्कृति, पारंपरिक शिल्प और हिमालयी पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता का अनूठा संगम प्रस्तुत करता है।

Follow करें — Page Ganesh Chandra Kandpal | Khabri Daju.com | हर खबर पर दाज्यू की नजर।

Advertisement