नैनीताल। पर्वतीय सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में तेरहवीं इंटर स्कूल शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन 4 अक्टूबर को गोवर्धन हॉल, मल्लीताल में किया जाएगा। प्रतियोगिता में नैनीताल सहित विभिन्न विद्यालयों के बालक-बालिकाएं अपनी शतरंज प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
समिति के अध्यक्ष ईश्वर दत्त तिवाड़ी ने बताया कि प्रतियोगिता में 9, 11, 13, 15 और 18 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं प्रतिभाग करेंगे। प्रत्येक वर्ग में आठवें स्थान तक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में कुल 60 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रवेश शुल्क 500 रुपये प्रति खिलाड़ी निर्धारित किया गया है। प्रतिभागियों के लिए प्रातः जलपान और मध्याह्न भोजन की निःशुल्क व्यवस्था भी की जाएगी।
प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए ईश्वर दत्त तिवाड़ी, विश्वकेतु वैद्य, दिव्यांशु तिवाड़ी, शेर सिंह बिष्ट, मुकेश बच्चन और तोषित तिवाड़ी सहित समिति के सदस्य तैयारियों में जुटे हैं।
1992 से शतरंज और संस्कृति को बढ़ावा दे रही समिति
पर्वतीय सांस्कृतिक समिति नैनीताल वर्ष 1992 से शतरंज प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करती आ रही है। समिति के 34 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस वर्ष प्रतियोगिता को विशेष एवं भव्य रूप देने की तैयारी की जा रही है।
खबरी दाजू — हर खबर पर दाज्यू की नजर।

