बास्केटबॉल कोर्ट पर गूंजा जोश,

नैनीताल। 59वें इंटर स्कूल बास्केटबॉल टूर्नामेंट-2026 का गुरुवार को शानदार आगाज हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल एवं डीएसए महासचिव मनोज जोशी ने किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के पहले दिन चार मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में सैनिक स्कूल घोड़ाखाल ‘ए’ ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए G.D. Goenka को 81-22 के बड़े अंतर से शिकस्त दी।
दूसरे मुकाबले में सरस्वती विहार दुर्गापुर ‘ए’ और सैनिक स्कूल घोड़ाखाल ‘बी’ के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। सैनिक स्कूल घोड़ाखाल ‘बी’ ने कांटे की टक्कर में 56-53 से जीत दर्ज की।
तीसरे मुकाबले में सैनवाल स्कूल और St. Joseph’s College के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। बेहद करीबी मुकाबले में St. Joseph’s College ने 19-17 से बाजी मारी।
दिन के अंतिम मुकाबले में M.L. साह बाल विद्या मंदिर ‘बी’ और St. Mary’s Convent Blue की टीमें आमने-सामने रहीं। कांटे की टक्कर में M.L. साह बाल विद्या मंदिर ‘बी’ ने 8-7 से मुकाबला अपने नाम किया।
उद्घाटन अवसर पर अतिथियों ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, खेल भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। टूर्नामेंट में विभिन्न विद्यालयों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं, जिससे आगामी मुकाबलों में भी रोमांचक खेल देखने को मिलेगा।
इस अवसर पर बास्केटबॉल सचिव हरीश जोशी, शैलेन्द्र बर्गली, कमल जगाती, जलज वर्मा, समीर अली, फरीद अहमद सहित खेल प्रेमी मौजूद रहे।






