
नैनीताल। पुलिस लाइन नैनीताल में तैनात आरक्षी प्रकाश नैनवाल का 30 सितंबर 2026 को स्वास्थ्य खराब होने के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से नैनीताल पुलिस परिवार में शोक की लहर है।
पुलिस लाइन में दिवंगत आरक्षी को श्रद्धांजलि देने के लिए शोक सलामी दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसपी क्राइम/ट्रैफिक, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्प अर्पित कर दिवंगत आरक्षी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान पुलिसकर्मियों ने आरक्षी प्रकाश नैनवाल के सेवाकाल और कर्तव्यनिष्ठ सेवाभाव को याद करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। पुलिस लाइन में मौजूद दिवंगत आरक्षी के परिजनों को एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
नैनीताल पुलिस परिवार ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ईश्वर से शोक-संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
ॐ शांति। 🙏






