अल्मोड़ा

30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक सजेगा अल्मोड़ा लिटरेचर फेस्टिवल, देश-विदेश की नामचीन हस्तियां होंगी शामिल

ख़बर शेयर करें

30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक सजेगा अल्मोड़ा लिटरेचर फेस्टिवल, देश-विदेश की नामचीन हस्तियां होंगी शामिल

अल्मोड़ा। उत्तराखंड का सबसे बड़ा साहित्यिक एवं वैचारिक आयोजन अल्मोड़ा लिटरेचर फेस्टिवल (एएलएफ) 2026 आगामी 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक ऐतिहासिक मल्ला महल, अल्मोड़ा में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव का यह चौथा संस्करण साहित्य, संस्कृति, विज्ञान, इतिहास, पर्यावरण, तकनीक और हिमालयी समाज से जुड़े समकालीन विषयों पर राष्ट्रीय स्तर के संवाद का मंच बनेगा। 

 

इस वर्ष महोत्सव का विशेष फोकस युवाओं की भागीदारी पर रहेगा। “रोड टू एएलएफ 2026” अभियान के तहत उत्तराखंड के विद्यालयों और महाविद्यालयों में वाद-विवाद, रचनात्मक लेखन, कविता, फोटोग्राफी, पॉडकास्ट, कथा-चित्रण, रंगमंच, पारंपरिक व्यंजन और अन्य साहित्यिक-सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिससे हजारों विद्यार्थियों को इस महोत्सव से जोड़ा जाएगा। 

 

महोत्सव में लेखक संवाद, पुस्तक विमोचन, कविता पाठ, कार्यशालाएं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, बाल साहित्य कार्यक्रम, फिल्म प्रदर्शन और कला प्रदर्शनियों के साथ कुमाऊंनी भाषा, लोक साहित्य, लोक संगीत और हिमालयी विरासत पर विशेष सत्र होंगे। वहीं जलवायु परिवर्तन, हिमालयी पारिस्थितिकी, जैव विविधता, आपदा प्रबंधन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और नवाचार जैसे विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे। 

आयोजकों ने बताया कि महोत्सव में प्रसून जोशी, अमिताभ कांत, मालिनी अवस्थी, पुष्पेश पंत, सुदीप सेन, संजीव चोपड़ा, यतीन्द्र मिश्र, मनीषा कुलश्रेष्ठ सहित देश की कई प्रतिष्ठित हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। वक्ताओं की अंतिम सूची आगामी महीनों में जारी की जाएगी।

प्रेस वार्ता में आयोजन समिति की अध्यक्ष डॉ. वसुधा पंत ने कहा कि एएलएफ केवल पुस्तकों का उत्सव नहीं, बल्कि विचारों, संवाद और जन-जागरूकता का मंच है। वहीं संस्थापक एवं व्यवस्थापक विनायक पंत ने महोत्सव के नवगठित मार्गदर्शन मंडल की घोषणा करते हुए राज्य सरकार, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं से इस सांस्कृतिक अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *