भवाली। नैनीताल जिले के भवाली-रामगढ़ मार्ग पर शनिवार देर रात एक कार अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में उत्तर प्रदेश के नोएडा निवासी दंपति घायल हो गए। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ ने त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, घटनास्थल पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने पाया कि महिंद्रा मराजो (वाहन संख्या DL 08 CBE 0795) सड़क से लगभग 50 मीटर नीचे खाई में दुर्घटनाग्रस्त पड़ी थी। कार में सवार खरेश दुग्गल एवं उनकी पत्नी रितु दुग्गल, निवासी सेक्टर-11, नोएडा, सामान्य रूप से घायल अवस्था में मिले।
रेस्क्यू टीम ने दोनों घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और आगे की चिकित्सा के लिए अस्पताल पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में दोनों को गंभीर चोटें नहीं आईं।
प्राथमिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, प्रशासन ने पहाड़ी मार्गों पर विशेषकर रात्रि के समय सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।
