नैनीताल राजनीति

स्वतंत्रता दिवस पर बेतालघाट में गूंजा देशभक्ति का जज्बा, डॉ. भुवन चंद्र आर्य ने किया ध्वजारोहण

ख़बर शेयर करें

नैनीताल। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजीव गांधी अभिनव आवासीय विद्यालय बेतालघाट में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य डॉ. भुवन चंद्र आर्य रहे। उन्होंने विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण कर दीप प्रज्ज्वलित किया। विद्यालय परिवार की ओर से डॉ. आर्य को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. भुवन चंद्र आर्य ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

डॉ. आर्य ने स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना जीवन और सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद और महात्मा गांधी के योगदान को याद करते हुए विद्यार्थियों से उनके त्याग, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

भाजपा नेता संतोष शाह के घर पहुंचकर जताया शोक

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर डॉ. भुवन चंद्र आर्य ने नैनीताल के वरिष्ठ भाजपा नेता श्री संतोष शाह की माताजी के आकस्मिक निधन पर उनके आवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।

मल्लीताल के सब्जी व्यापारी शाह से की मुलाकात

इसके बाद डॉ. आर्य ने मल्लीताल नैनीताल के प्रसिद्ध सब्जी व्यापारी श्री शाह से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान स्थानीय विषयों को लेकर भी बातचीत हुई।

रैखोली ग्राम प्रधान से मिले डॉ. आर्य

डॉ. भुवन चंद्र आर्य ने नैनीताल विधानसभा के बेतालघाट ब्लॉक स्थित रैखोली गांव के ग्राम प्रधान आनंद सिंह बोहरा से भी मुलाकात की। उन्होंने ग्राम प्रधान एवं क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *