नैनीताल जनहित

भीमताल में होम स्टे पर प्रशासन का शिकंजा, 3 पर ₹10-10 हजार जुर्माना; 7 को नोटिस

ख़बर शेयर करें

Lभीमताल में होम स्टे इकाइयों पर प्रशासन की सख्ती, तीन पर 10-10 हजार का जुर्माना

16 होम स्टे इकाइयों का औचक निरीक्षण, सात को कारण बताओ नोटिस

भीमताल/नैनीताल। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को पर्यटन विभाग की टीम ने भीमताल क्षेत्र में होम स्टे इकाइयों का सघन एवं औचक भौतिक निरीक्षण किया। जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद आर्या के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान कुल 16 होम स्टे इकाइयों की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान निर्धारित मानकों और पंजीकरण संबंधी नियमों का पालन नहीं करने वाली तीन होम स्टे इकाइयों पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। इनमें Pio Palace, Lake Mount और Rose Mary शामिल हैं।

वहीं, नियमावली के तहत पर्यटकों के लिए गर्म पानी की सुविधा उपलब्ध नहीं कराने वाली सात इकाइयों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। संबंधित संचालकों को कमियों को दूर करने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है। नोटिस प्राप्त करने वालों में सरोज कुमार दुर्गा, श्याम नारायण गुप्ता, रिमानी जोशी, ममता जोशी, अफसर खान और अंशुमन मोहता सहित अन्य संचालक शामिल हैं।

निरीक्षण के दौरान कुछ होम स्टे इकाइयों में निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध मिलीं। इनमें राघवेन्द्र सिंह, राजेन्द्र सिंह घुराल, तनवेन्द्र शेखर, सुरभा होम स्टे और दीप विला होमस्टे शामिल रहे। वहीं, निरीक्षण के दौरान कुछ होम स्टे इकाइयां बंद भी पाई गईं।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद आर्या ने कहा कि पर्यटकों को बेहतर, सुरक्षित और मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी होम स्टे संचालकों को पंजीकरण, स्वच्छता, सुरक्षा, गर्म पानी समेत निर्धारित सुविधाओं और अन्य मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित होम स्टे संचालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *