नैनीताल खेल

मयंक सुयाल का तूफानी पंच! 5 गोल दागकर सेंट जोसफ ने सनवाल को 6-0 से रौंदा, 78वीं एच.एन. पाण्डे फुटबॉल ट्रॉफी पर जमाया कब्जा

ख़बर शेयर करें

नैनीताल। सी.आर.एस.टी. ओल्ड बॉयज एसोसिएशन नैनीताल के तत्वावधान एवं दी नैनीताल बैंक लिमिटेड के प्रायोजन में आयोजित 78वीं एच.एन. पाण्डे मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का फाइनल मुकाबला पूरी तरह सेंट जोसफ कॉलेज के नाम रहा। सेंट जोसफ ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सनवाल स्कूल को 6-0 से करारी शिकस्त देकर प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया।

फाइनल में सेंट जोसफ के मयंक सुयाल ने अकेले पांच गोल दागकर तहलका मचा दिया। मयंक के शानदार प्रदर्शन के सामने सनवाल स्कूल की टीम पूरे मुकाबले में संघर्ष करती नजर आई। मध्यांतर तक सेंट जोसफ कॉलेज 2-0 से आगे था। दूसरे हाफ में टीम ने आक्रामक खेल जारी रखते हुए चार और गोल दागे और 6-0 की बड़ी जीत दर्ज की।

शानदार प्रदर्शन के लिए मयंक बने ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’

मयंक सुयाल को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। वहीं सनवाल स्कूल के प्रतीक को प्रॉमिसिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार प्रदान किया गया।

फाइनल मुकाबले में रेफरी की भूमिका प्रेम बिष्ट, शेखर साह और नकुल सिंह बिष्ट ने निभाई, जबकि तकनीकी रेफरी अपूर्व बिष्ट एवं चारु रहे।

खिलाड़ियों को मिला सम्मान, बैंक ने जताई खेलों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता

पुरस्कार वितरण समारोह में दी नैनीताल बैंक लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुशील कुमार लाल डावर ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नैनीताल बैंक खेलों को लगातार प्रोत्साहित करता रहा है। खेल शारीरिक मजबूती के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।

महासचिव डॉ. मनोज बिष्ट ने अतिथियों, खिलाड़ियों, सहयोगियों और दर्शकों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सभी का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. ललित तिवारी ने किया। अटल उत्कृष्ट राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के बैंड ने शानदार प्रस्तुति देकर समारोह में देशभक्ति का रंग भर दिया। इसके बाद सामूहिक राष्ट्रगान हुआ।

विजेता सेंट जोसफ कॉलेज को एच.एन. पाण्डे मेमोरियल इंडिपेंडेंस डे कप, नैनीताल बैंक कप एवं रेप्लिका प्रदान की गई। उपविजेता सनवाल स्कूल को चरण दास कप, नैनीताल बैंक कप एवं रेप्लिका से सम्मानित किया गया।

तीसरे स्थान पर रही बिरला विद्या मंदिर को इंद्रा बिष्ट कप एवं रेप्लिका तथा चौथे स्थान पर रही लेक्स इंटरनेशनल स्कूल को दर्शन साह कप एवं रेप्लिका प्रदान की गई। फेयर प्ले ट्रॉफी भी प्रदान की गई।

सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का भी हुआ सम्मान

बेस्ट गोलकीपर का पुरस्कार सेंट जोंस के योगेश, बेस्ट डिफेंडर लक्ष्य नेगी (सेंट जोसफ), बेस्ट मिडफील्डर नमो (बिरला विद्या मंदिर) तथा बेस्ट फॉरवर्ड हसन (सनवाल स्कूल) को दिया गया।

स्वर्गीय रमेश चंद्र साह की स्मृति में विभिन्न वर्गों में पुरस्कार प्रदान किए गए। स्वर्गीय चंद्र लाल साह की स्मृति में हॉकी खिलाड़ी एवं ओलंपियन सैय्यद अली तथा कर्नल जी. साह को शॉल ओढ़ाकर और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर बावरी नकीं की ओर से प्रतियोगिता में शामिल सभी 15 टीमों के एक-एक खिलाड़ी को फुटबॉल बूट्स प्रदान किए गए। श्री हरिकृष्ण दधीचि पुरस्कार कक्षा 12 में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले अजय सिंह को दिया गया।

समारोह में एल.एम. साह, जगदीश बावरी, डीएसए सचिव मनोज जोशी, मुकुल साह, शैलेन्द्र बरगली, शैलेन्द्र चौधरी, धर्मेंद्र शर्मा, लक्ष्मण दास, गीता साह, नैनीताल बैंक से अनिल कुमार, सुमंत चक्रवर्ती, सनी मेहरा, राहुल, मोहसिन, राजेंद्र सिंह, जगदीश लोहनी, खीमराज बिष्ट, भास्कर साह, मनीष साह, विश्वकेतु, राजेश लाल, पवन साह, अजय साह, बीएस नेगी, सुदर्शन साह, डॉ. देवेंद्र बिष्ट, हरीश राणा, मोहित लाल साह, आनंद बिष्ट, भागवत रावत सहित बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *