नैनीताल में दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियां शुरू, सर्बजनिन कमेटी की बैठक में आय-व्यय पर मंथन
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में आगामी अक्तूबर माह में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। महोत्सव के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर सर्बजनिन दुर्गा पूजा कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में पिछले वर्ष आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव के आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही आगामी अक्तूबर में प्रस्तावित महोत्सव को भव्य स्वरूप देने, विभिन्न व्यवस्थाओं और कार्यक्रमों को लेकर पदाधिकारियों ने अपने सुझाव रखे।
कमेटी पदाधिकारियों ने कहा कि नैनीताल का दुर्गा पूजा महोत्सव धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ ही कुमाऊंनी और बंगाली संस्कृति के खूबसूरत संगम का प्रतीक है। महोत्सव में स्थानीय लोगों के साथ ही देश-विदेश से आने वाले पर्यटक भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं।
बैठक में अध्यक्ष बहादुर सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष त्रिभुवन फर्त्याल, महामंत्री उमेश मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, दीपक गुरुरानी, सुरेश चंद्र चौधरी, डॉली भट्टाचार्य, चित्रा शर्मा, अमिता साह, सीमा साह, अल्पना रॉय, राकेश बिष्ट, अमन जाटव, सौरभ ठाकुर, प्रेम कुमार शर्मा, प्रशांत सिंह, संजय कुमार और अक्षय अग्रवाल सहित कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि महोत्सव को परंपरागत स्वरूप के साथ इस वर्ष भी भव्य, आकर्षक और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए तैयारियां समय से पूरी की जाएंगी।
