›नैनीताल। रोटरी क्लब नैनीताल के तत्वावधान में रविवार को चैरिटी रन का आयोजन किया गया। सुबह करीब 8 बजे मां नयना देवी मंदिर प्रांगण से शुरू हुई इस दौड़ में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों, इंट्रैक्ट क्लब सदस्यों सहित सभी आयु वर्ग के करीब 150 धावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रोटरी क्लब नैनीताल की अध्यक्ष रो. शिवांगी शाह ने हरी झंडी दिखाकर चैरिटी रन को रवाना किया। दौड़ मां नयना देवी मंदिर प्रांगण से शुरू होकर ठंडी सड़क होते हुए फांसी गधेरे तक पहुंची, जहां से धावक वापस लौटे और दौड़ का समापन नयना देवी मंदिर के सामने किया गया।
रोटरी क्लब नैनीताल द्वारा यह चैरिटी रन प्रत्येक वर्ष आयोजित की जाती है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य चैरिटी के माध्यम से प्राप्त धनराशि का उपयोग जरूरतमंद संस्थाओं के माध्यम से विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग करने तथा शिक्षा से संबंधित सामग्री उपलब्ध कराने के लिए करना है।
चैरिटी रन में रोटरी क्लब के अध्यक्ष शिवांगी शाह, सचिव विनोद दुआ, अनीत शाह, योगेश शाह, अरुण कुमार शाह, मीरा सियाल, विक्रम सियाल, काशिफ जाफरी, साक्षी दुआ, ऋषि दुआ, जे.के. शर्मा और पान सिंह सहित क्लब के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी की।
दौड़ के दौरान बीडी पांडे जिला अस्पताल से डॉक्टर मृदुला, एंबुलेंस स्टाफ तथा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे। सुरक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर आवश्यक इंतजाम किए गए थे।
चैरिटी रन में सेंट मैरी कॉन्वेंट, ऑल सेंट्स स्कूल, बालिका विद्या मंदिर, बाल विद्या मंदिर, सेंट जोसेफ कॉलेज और भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ विभिन्न इंट्रैक्ट क्लबों के सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
दौड़ में शामिल सभी प्रतिभागियों के लिए रोटेरियन शैलेन्द्र और रोटेरियन विनोद दुआ की ओर से रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की गई। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों और प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
