नैनीताल दुर्घटना

नैनीताल में विशालकाय पेड़ गिरने से मची अफरा-तफरी, दो घायल, तीन लोग आधे घंटे तक घर में फंसे

ख़बर शेयर करें

 

नैनीताल। गुरुवार रात लगातार बारिश के बीच शहर के न्यू पवेलियन होटल के पास एक घर पर विशालकाय पेड़ गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो लोग घायल हो गए, जबकि तीन लोग करीब आधे घंटे तक घर के अंदर फंसे रहे। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।

एसडीआरएफ के एसआई मनोज भाकुनी ने बताया कि रात करीब आठ बजे घर पर पेड़ गिरने की सूचना मिली थी। राहत दल ने मौके पर पहुंचकर तत्काल रेस्क्यू शुरू किया। कुछ लोग समय रहते घर से बाहर निकल गए थे, जबकि तीन लोग पेड़ और मलबे के कारण घर के भीतर फंस गए थे।

हादसे में घायल अब्दुल वाशिद (58) और दीवान आर्या (32) को उपचार के लिए बीडी पांडे जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत खतरे से बाहर है।

रेस्क्यू टीम ने घर की चारदीवारी पर गिरे पेड़ को हटाकर रास्ता साफ किया, जिसके बाद फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल रहा। लगातार हो रही बारिश के चलते प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *