नैनीताल जनहित

बजून में गूंजा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, 60 पौधों से हरित नैनीताल का लिया संकल्प

ख़बर शेयर करें

 

नैनीताल।
श्री राम सेवक सभा नैनीताल की ओर से रविवार को गोल्ज्यू मंदिर, बजून के समीप ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यावरण संरक्षण और हरित नैनीताल के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में 60 पौधों का रोपण किया गया, जिनमें 30 देवदार और 30 तेजपत्ता के पौधे शामिल रहे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सरिता आर्या तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद नैनीताल की अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल ने सहभागिता की। अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए प्रत्येक नागरिक से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।

इस अवसर पर श्री राम सेवक सभा के अध्यक्ष मनोज साह ने कहा कि संस्था सामाजिक सरोकारों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब रोपे गए पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम में नैना रेंज के वन क्षेत्राधिकारी ललित मोहन कार्की, पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी ‘मंटू’, उपाध्यक्ष अशोक साह, प्रबंधक विमल चौधरी, कोषाध्यक्ष बिमल साह सहित सभा के पदाधिकारी, सदस्य, वन विभाग के अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बाल कलाकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया। सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी हरित नैनीताल के उद्देश्य से इस प्रकार के जनजागरूकता एवं वृक्षारोपण अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *