
देहरादून। भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य डॉ. भुवन चंद्र आर्य के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने शुक्रवार को देहरादून स्थित सचिवालय पहुंचकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा नैनीताल विधानसभा क्षेत्र के कोटाबाग विकासखंड की ग्रामसभा डान परेवा में 23 अगस्त को आयोजित होने वाले शहीद दिवस कार्यक्रम का औपचारिक आमंत्रण पत्र उन्हें सौंपा।
डॉ. भुवन चंद्र आर्य ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराते हुए बताया कि शहीद दिवस के अवसर पर क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों के योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि कार्यक्रम, जनसभा तथा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिष्टमंडल का आभार व्यक्त करते हुए शहीदों के सम्मान में आयोजित होने वाले ऐसे कार्यक्रमों को समाज में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को सुदृढ़ करने वाला बताया। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर शिष्टमंडल में ग्राम प्रधान दयाल सिंह, ग्राम प्रधान (गोरिया देव) मोहन चंद्र सुयाल, बूथ अध्यक्ष बच्ची सिंह नेगी, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष ललित सिंह नेगी, पूर्व ग्राम प्रधान भुवन राम, सेनानी आश्रित नंदन सिंह बिष्ट, वरिष्ठ भाजपा नेता माधो सिंह पुतलियां तथा अंबा दत्त बिनवाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री से क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी संक्षिप्त चर्चा की।
