नैनीताल दुर्घटना

डीएसबी परिसर के पास आवासीय टिनशेड में लगी भीषण आग, दमकल ने आधे घंटे में पाया काबू

ख़बर शेयर करें

नैनीताल। डीएसबी परिसर के समीप स्थित लंघम बस्ती में शनिवार दोपहर एक आवासीय टिनशेड में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठते देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

शनिवार को करीब साढ़े तीन बजे स्थानीय लोगों ने एक आवासीय टिनशेड से धुआं उठते देखा। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची, लेकिन क्षेत्र दुर्गम होने के कारण फायर वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से टिन की चादरें हटाईं और पानी की तेज बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा लिया गया। 

प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि आग से हुए वास्तविक नुकसान और आग लगने के कारणों की विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

दुर्गम क्षेत्र में दमकल कर्मियों ने दिखाया साहस

राजभवन मार्ग से नीचे खड़ी चट्टान वाले क्षेत्र में घनी आबादी होने के कारण दमकल कर्मियों को मौके तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। इसके बावजूद टीम ने तत्परता दिखाते हुए आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोकने में सफलता हासिल की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *