नैनीताल जनहित

लोअर मॉल रोड पर आर-पार की लड़ाई! 15 अगस्त से ग्राउंड जीरो पर लेटेंगे पुनीत टंडन

ख़बर शेयर करें

लोअर मॉल रोड नहीं खुली तो 15 अगस्त से ग्राउंड जीरो पर लेटकर धरना देंगे पुनीत टंडन

माँ नयना देवी व्यापार मंडल ने प्रशासन को दी लिखित चेतावनी, कहा—व्यापारियों और स्थानीय लोगों की परेशानी अब बर्दाश्त नहीं

नैनीताल, 13 अगस्त 2026। नैनीताल की लोअर मॉल रोड को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता नजर आ रहा है। सड़क का निर्माण कार्य निर्धारित समय तक पूरा नहीं होने से नाराज माँ नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन ने आगामी 15 अगस्त को शाम चार बजे लोअर मॉल रोड पर ग्राउंड जीरो में लेटकर अनिश्चितकालीन धरना देने का ऐलान किया है।

व्यापार मंडल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि लोअर मॉल रोड को खोलने को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कई दौर की वार्ता और आश्वासन के बावजूद सड़क का कार्य अब तक पूरा नहीं हो पाया है। व्यापार मंडल का आरोप है कि 26 जून को अधिशासी अधिकारी रत्नेश सक्सेना ने ग्राउंड जीरो पर पुनीत टंडन, व्यापार मंडल पदाधिकारियों और मीडिया के समक्ष आश्वासन दिया था कि 15 अगस्त के वीकेंड तक लोअर मॉल रोड को पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों के लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा।

इसी आश्वासन के बाद व्यापार मंडल अध्यक्ष ने उस समय प्रस्तावित विरोध और धरने का निर्णय वापस ले लिया था। लेकिन अब तक कार्य पूरा नहीं होने और पिछले कुछ समय से काम बंद रहने के कारण व्यापार मंडल ने दोबारा आंदोलन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया है।

व्यापारियों और स्थानीय लोगों की परेशानी का हवाला

व्यापार मंडल का कहना है कि लोअर मॉल रोड बंद होने से स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और पर्यटकों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, सड़क बंद होने के कारण नैनीताल में आयोजित होने वाली माउंटेन मैराथन की सामान्य रूटिंग भी प्रभावित हो रही है।

पुनीत टंडन ने पूर्व में ही चेतावनी दी थी कि यदि निर्धारित समय तक सड़क नहीं खोली गई तो वह व्यापारियों और स्थानीय लोगों के हित में अपना विरोध दर्ज कराएंगे। इसी के तहत अब 15 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरने का निर्णय लिया गया है।

लिक्विड के सहारे धरना जारी रखने का ऐलान

व्यापार मंडल की ओर से कहा गया है कि धरने के दौरान पुनीत टंडन पानी और लिक्विड के अलावा किसी अन्य खाद्य पदार्थ का सेवन नहीं करेंगे। जरूरत पड़ने पर अन्न-जल त्याग करने की भी बात कही गई है।

व्यापार मंडल ने नैनीताल के व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से आंदोलन में सहयोग करने और धरने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।

व्यापार मंडल ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस प्रशासन से इस सूचना को लिखित चेतावनी एवं आंदोलन की पूर्व सूचना के रूप में संज्ञान में लेने की मांग की है।

 

खबरी दाज्यू | 13 अगस्त 2026

हर खबर पर दाज्यू की नजर
Follow Page: Ganesh Chandra Kandpal
Khabri Daju.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *