हल्द्वानी। काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र के गौलापार स्थित देवला तल्ला पजाया में घरेलू विवाद के बाद पति द्वारा पत्नी पर फावड़े के हत्थे से हमला करने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक देवला तल्ला पजाया निवासी 56 वर्षीय महेंद्र सिंह रावत किसान है। उसका अपनी 45 वर्षीय पत्नी नीलम रावत से अक्सर विवाद होता रहता था। गुरुवार दोपहर दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर नीलम द्वारा घर में रखी तलवार उठाने की बात सामने आई है। इसी दौरान महेंद्र ने कथित तौर पर पास पड़े फावड़े के हत्थे से उसके सिर पर कई वार कर दिए।
हमले में नीलम गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गई। घटना के बाद महेंद्र ने खुद पुलिस को फोन कर मामले की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल महिला को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर किया, लेकिन उपचार के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मृतका की बहन की तहरीर पर उसके खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच के साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। आरोपी द्वारा आत्मरक्षा में हमला करने का दावा किया गया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
