खेलों से निखरेगा युवाओं का भविष्य, डीएसबी परिसर में मेजर ध्यानचंद को किया नमन
राष्ट्रीय खेल दिवस पर टेबल टेनिस व शतरंज प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह, 30 अगस्त को फुटबॉल-कबड्डी का आयोजन
नैनीताल, 29 अगस्त 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डी.एस.बी. परिसर में हॉकी के जादूगर एवं महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को खेलों के महत्व से अवगत कराते हुए उन्हें नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजय पंत ने राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के मानसिक विकास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलों को भी जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
प्रो. ललित तिवारी ने मेजर ध्यानचंद के जीवन और भारतीय हॉकी में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन और खेल के प्रति समर्पण आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में परिसर में टेबल टेनिस एवं शतरंज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इससे पूर्व 28 अगस्त को भी परिसर में विभिन्न मनोरंजक खेल एवं गतिविधियां आयोजित की गई थीं।
खेल गतिविधियों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए 30 अगस्त को फुटबॉल एवं कबड्डी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें स्वस्थ, सक्रिय एवं अनुशासित जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर डॉ. नंदन बिष्ट, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. अशोक कुमार, अपूर्वा बिष्ट, अनिता रावत, अतुल चंद्र एवं शिखा रावत सहित परिसर के शिक्षक एवं अन्य सदस्य मौजूद रहे।
