नैनीताल। भवाली कोतवाली क्षेत्र में घर से चोरी हुए करीब 12 तोला स्वर्ण आभूषण को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। बरामद सोने की अनुमानित कीमत ₹15 लाख बताई गई है। मामले में पुलिस ने एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।
29 अगस्त को ग्राम गैराडी लटवाल निवासी उमा लटवाल ने घर से सोने के आभूषण चोरी होने की शिकायत भवाली कोतवाली में दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर तत्काल जांच शुरू की गई।
पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी, संदिग्धों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए जितेन्द्र सिंह लटवाल उर्फ जित्तू (20) निवासी गैराडी लटवाल को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सभी स्वर्ण आभूषण बरामद कर लिए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चोरी के आभूषण बेचकर गाड़ी खरीदना चाहता था। पुलिस ने बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर आरोपी को जेल भेज दिया।
बरामदगी में 02 जोड़ी पौंची, 01 जोड़ी कान के झुमके, 01 नथ, 01 गोलोबंद, 01 मांग-टीका और 01 अंगूठी शामिल हैं। कुल करीब 12 तोला सोना बरामद हुआ है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल ने ₹2,500 के इनाम की घोषणा की है।
Follow करें — Khabri Daju.com
