
नैनीताल। भारत रत्न, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री तथा देश के पूर्व गृहमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर नैनीताल में श्रद्धा और उत्साह के साथ समारोह आयोजित किया गया। मल्लीताल स्थित पंत पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यार्थी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान वक्ताओं ने स्वतंत्रता आंदोलन में पंत के योगदान, राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका तथा कुमाऊं और नैनीताल से उनके गहरे जुड़ाव को याद किया।
युवाओं को नशे से बचाना सामूहिक जिम्मेदारी : धन सिंह रावत
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत ने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर राष्ट्र निर्माण तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि आज युवाओं को नशे से दूर रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री और राज्य सरकार के नेतृत्व में नशामुक्ति अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब 30 लाख बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। यदि किसी कस्बे या क्षेत्र में कोई बच्चा निराश्रित है तो इसकी सूचना जिलाधिकारी को दी जाए। ऐसे बच्चों के लिए जिलों में निशुल्क शिक्षा एवं आवास की व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। मंत्री ने युवाओं को नशे के बजाय स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और ‘दूध पियो’ का संदेश दिया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और आगंतुकों को दूध भी वितरित किया गया।
दो स्कूलों के उच्चीकरण की मांग
विधायक सरिता आर्या ने पंडित पंत के सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने किसानों, गरीबों और वंचित वर्गों के हितों के लिए उल्लेखनीय कार्य किया। उन्होंने प्रशासन में हिंदी के प्रयोग और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विधायक ने नैनीताल क्षेत्र के दो विद्यालयों के उच्चीकरण की मांग उच्च शिक्षा मंत्री के समक्ष रखी, जिस पर मंत्री ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
समारोह में विद्यालयी छात्र-छात्राओं ने बैंड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। गायन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री धन सिंह रावत ने पत्रकारों, सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों तथा मेधावी विद्यार्थियों को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले खुर्पाताल निवासी नवल कुमार और कविता मेहरा को गोविंद बल्लभ पंत सम्मान प्रदान किया गया।
दर्जा राज्य मंत्री दिनेश चंद्र आर्य ने कहा कि पंडित पंत ने कुमाऊं का नाम देश-दुनिया में रोशन किया। स्वतंत्रता के बाद उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने शिक्षा, उद्योग और कृषि के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए।
कार्यक्रम संयोजक पूरन मेहरा के नेतृत्व में आयोजित समारोह में दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, विधायक सरिता आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, ललित भट्ट,सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, पूर्व सांसद महेंद्र पाल, पूर्व विधायक नारायण सिंह जंतवाल, मनोज जोशी, दीपक बर्गली, गजाला कमाल, सपना बिष्ट, लता दफौटी, गीता उप्रेती, सुरेंद्र कुमार, मीनू बुधलाकोटी, राजू लाल, राजेश लाल, प्रदीप सहदेव, विक्की कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
Follow करें — Page Ganesh Chandra Kandpal | Khabri Daju.com | हर खबर पर दाज्यू की नजर.






