हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंत पार्क में भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पंत जी की प्रतिमा के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत उत्तराखंड की धरती का गौरव और देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका निभाते हुए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ निर्भीक संघर्ष किया।
स्वतंत्रता के बाद उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में पंत जी ने प्रशासनिक सुधार, शिक्षा, कृषि और औद्योगिक विकास की मजबूत नींव रखी। देश के गृहमंत्री के रूप में उन्होंने राष्ट्रीय एकता-अखंडता को मजबूत करने के साथ हिंदी को राजभाषा का दर्जा दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंत जी की सादगी, ईमानदारी, त्याग और जनसेवा के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, हल्द्वानी मेयर गजराज सिंह बिष्ट, पंत फाउंडेशन के प्रदेश संयोजक गोपाल रावत प्रदेश संयोजक राजेश कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Follow करें — Page Ganesh Chandra Kandpal | Khabri Daju.com | हर खबर पर दाज्यू की नजर.






