नैनीताल न्यूज

माउंट अबी गामिन पर तिरंगा फहराकर परीक्षित शाह ने रचा इतिहास, उपलब्धि माँ नंदा-सुनंदा को समर्पित

Advertisement

 

माउंट अबी गामिन पर तिरंगा फहराकर परीक्षित शाह ने रचा इतिहास, उपलब्धि माँ नंदा-सुनंदा को समर्पितनैनीताल। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के पर्वतारोहियों ने 7,355 मीटर ऊंचे माउंट अबी गामिन शिखर पर तिरंगा फहराकर एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उप कमांडेंट परीक्षित शाह के नेतृत्व में आईटीबीपी के रिकॉर्ड 23 सदस्यों ने इस चुनौतीपूर्ण अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया।

फोर्स-लेवल माउंटेनियरिंग एक्सपीडिशन-2026 को 7 अगस्त को आईटीबीपी मुख्यालय, नई दिल्ली से महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। अभियान के दौरान हिमवीरों ने उच्च-तुंगता पर्वतारोहण कौशल और अदम्य साहस का प्रदर्शन किया।

नैनीताल निवासी उप कमांडेंट परीक्षित शाह ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि को देवभूमि की आराध्य माँ नंदा-सुनंदा को समर्पित किया है। अभियान के दौरान उनकी व्यक्तिगत तस्वीर के पीछे माँ नंदा-सुनंदा के दर्शन भी दिखाई दे रहे हैं, जिसने इस उपलब्धि को आस्था से जोड़ दिया है।

परीक्षित शाह ने कहा कि यह सफलता केवल एक शिखर तक पहुंचने की नहीं, बल्कि इच्छाशक्ति, साहस और आस्था की जीत है। उन्होंने अभियान के दौरान देश की सुख-समृद्धि और सभी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि माँ नंदा-सुनंदा का आशीर्वाद सभी पर सदैव बना रहे।

आईटीबीपी के पर्वतारोही देश की बर्फीली सीमाओं की सुरक्षा के साथ पर्वतारोहण के क्षेत्र में भी लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। माउंट अबी गामिन अभियान में 23 सदस्यों की सफलता इसी साहसिक परंपरा की एक और महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही है।

Follow करें — Page Ganesh Chandra Kandpal | Khabri Daju.com | हर खबर पर दाज्यू की नजर।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement