
कंबोडिया में होने वाली 6वीं AVF एशियन चैंपियनशिप में करेंगे देश का प्रतिनिधित्व, कैंट बोर्ड सीईओ ने दी बधाई
नैनीताल। नैनीताल ताइक्वांडो क्लब के होनहार खिलाड़ी सागर सिंह अधिकारी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जम्मू में आयोजित 15वीं नेशनल वोविनम चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले सागर का चयन 6वीं AVF एशियन वोविनम चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। प्रतियोगिता 24 से 30 नवंबर 2026 तक कंबोडिया की राजधानी नोम पेन्ह में आयोजित होगी।
वोविनम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के जनरल सेक्रेटरी शंकर महाबले की ओर से जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, सागर को सीनियर वर्ग के अंडर-50 किलोग्राम भार वर्ग में भारतीय टीम में शामिल किया गया है। उन्हें 25 सितंबर 2026 से पहले प्रतियोगिता में सहभागिता की पुष्टि करने के साथ आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
कैंट बोर्ड सीईओ ने दी बधाई
सागर की इस उपलब्धि पर छावनी परिषद नैनीताल की सीईओ तनु जाट और समस्त स्टाफ ने उन्हें बधाई दी। सीईओ ने सागर के साथ ही नेशनल चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले नैनीताल ताइक्वांडो क्लब के सभी 13 खिलाड़ियों को जल्द सम्मानित करने की घोषणा की। उन्होंने सागर के अंतरराष्ट्रीय अभियान के लिए हरसंभव प्रशासनिक एवं वित्तीय सहयोग का आश्वासन भी दिया।
चयन की सूचना मिलते ही घर और क्लब में मनाया जश्न
भारतीय टीम में चयन की आधिकारिक सूचना मिलते ही सागर के परिवार, क्लब के कोचों और खिलाड़ियों में खुशी की लहर दौड़ गई। सागर की माता लक्ष्मी देवी, पिता चंदन सिंह अधिकारी, बहन दीक्षा अधिकारी और छोटे भाई लक्ष्य अधिकारी ने छावनी परिषद के सदस्यों, क्लब पदाधिकारियों एवं खिलाड़ियों के साथ मिठाई खिलाकर खुशी मनाई।
इस दौरान नैनीताल ताइक्वांडो क्लब के टीम हेड, मुख्य कोच एवं अध्यक्ष विश्वकेतु वैद्य, सचिव विनोद कुमार वैद्य, भूमिका बनवाल, योगेंद्र और विभोर भट्ट सहित छावनी परिषद के अजीत कुमार (प्रिंस), अपेक्षा बिष्ट, बहादुर सिंह रौतेला, चंदन सिंह मेहरा समेत अन्य स्टाफ मौजूद रहे।
क्लब के संरक्षक गोपाल रावत, अध्यक्ष विश्वकेतु वैद्य, सचिव विनोद कुमार वैद्य, भूमिका बनवाल, मानसी बर्गली, अमित कुमार गोड सहित क्लब के खिलाड़ियों एवं सदस्यों ने सागर की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया। वहीं वोविनम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष ऋषि पाल भारती और महासचिव विनोद लखेड़ा समेत पदाधिकारियों ने भी सागर और उनके परिवार को शुभकामनाएं दीं।
क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि सागर का चयन नैनीताल और उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सागर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का तिरंगा लहराकर जनपद, प्रदेश और माता-पिता एवं गुरुजनों का नाम रोशन करेंगे।
कोचों ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि नशे से दूरी, संतुलित खान-पान, अनुशासन, नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत के साथ मजबूत इच्छाशक्ति हो तो सफलता हासिल की जा सकती है। सागर की उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।
Follow करें — Page Ganesh Chandra Kandpal | Khabri Daju.com | हर खबर पर दाज्यू की






