
नैनीताल। वन्यजीवों के संरक्षण और जैव विविधता के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नैनीताल प्राणी उद्यान में 2 से 8 अक्टूबर 2026 तक वन्यजीव सप्ताह मनाया जाएगा। इस वर्ष की थीम “Connected Habitats, Thriving Wildlife” रखी गई है।
WILDLIFE WEEK 2026.pdf
वन्यजीव सप्ताह के दौरान शहर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए क्विज, रैली, मैराथन, नाटक मंचन, पेंटिंग, निबंध, फैंसी ड्रेस, संरक्षण मॉडल डिजाइन, फेस पेंटिंग तथा फोटोग्राफी/रील प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम के तहत 2 अक्टूबर को क्विज प्रतियोगिता, 3 अक्टूबर को रैली और 4 अक्टूबर को मैराथन का आयोजन होगा। रैली डीएसए मैदान मल्लीताल से नैनीताल प्राणी उद्यान तक निकाली जाएगी तथा सर्वश्रेष्ठ पांच विद्यालयों को पुरस्कृत किया जाएगा। मैराथन सुबह आठ बजे पंत पार्क मल्लीताल से शुरू होकर वापस पंत पार्क पहुंचेगी।
5 अक्टूबर को एक्सपर्ट टॉक में विशेषज्ञ क्षेत्रीय प्रजातियों, बाघ-तेंदुए, सांप एवं पक्षियों से जुड़े संरक्षण, मानव-वन्यजीव संघर्ष तथा रेस्क्यू प्रोटोकॉल पर जानकारी देंगे। वहीं 6 अक्टूबर को नेचर वॉक का आयोजन अयार जंगल कैंप से किया जाएगा।
7 अक्टूबर को फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थी भाग लेंगे। इसके बाद संरक्षण मॉडल डिजाइन और पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। 8 अक्टूबर को फेस पेंटिंग प्रतियोगिता के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के लिए वन्यजीवों से संबंधित फोटोग्राफी/रील प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। प्रतिभागियों को 2 से 6 अक्टूबर तक वन्यजीवों से संबंधित फोटो अथवा रील बनाकर नैनीताल प्राणी उद्यान के इंस्टाग्राम हैंडल पर टैग करना होगा।
प्राणी उद्यान के उप निदेशक जीबी पंत ने सभी विद्यालयों से विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण संबंधी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक भागीदारी कराने का अनुरोध किया है।






