पुनीत टंडन की मुहिम लाई रंग, खुली लोअर मॉल रोड; आमरण अनशन की चेतावनी का दिखा असर
मां नयना देवी व्यापार मंडल अध्यक्ष ने 15 से 19 अगस्त तक दिया था धरना, लगातार पैरवी और आंदोलन की चेतावनी के बाद 2 नवंबर को खुली सड़क
खबरी दाजू | नैनीताल। लोअर मॉल रोड खुलवाने के लिए मां नयना देवी व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत टंडन की लंबी लड़ाई आखिरकार रंग लाई। महीनों तक अधिकारियों से पैरवी, बार-बार मिले आश्वासन, धरना और आंदोलन की चेतावनी के बाद सोमवार 2 नवंबर की शाम छह बजे लोअर मॉल रोड को पूरी तरह यातायात के लिए खोल दिया गया। खास बात यह रही कि पुनीत टंडन ने 1 नवंबर को ही ऐलान किया था कि 10 नवंबर तक सड़क नहीं खुली तो 11 नवंबर से वह अन्न-जल त्यागकर आमरण अनशन पर बैठेंगे। इस चेतावनी के अगले ही दिन सड़क खोल दी गई।
लोअर मॉल रोड का मुद्दा पुनीत टंडन ने 23 अप्रैल को जिलाधिकारी की पर्यटन संबंधी बैठक में प्रमुखता से उठाया था। तब पीडब्ल्यूडी ने एक माह में सड़क खोलने का आश्वासन दिया, लेकिन समयसीमा बीत गई और सड़क नहीं खुली। 21 मई को उन्होंने संबंधित अधिकारी रत्नेश सक्सेना से मुलाकात की तो 20 से 25 दिन में सड़क खोलने का नया भरोसा मिला। यह समय भी गुजर गया, लेकिन नतीजा नहीं निकला।
26 जून को पुनीत टंडन ने अधिशासी अधिकारी रत्नेश सक्सेना को लोअर मॉल रोड पर मौके पर बुलाकर स्थिति दिखाई और सड़क खोलने में हो रही देरी पर सवाल उठाए। तब उन्हें 15 अगस्त तक का आश्वासन दिया गया। पुनीत टंडन ने स्पष्ट कर दिया कि यदि इस बार भी वादा पूरा नहीं हुआ तो वह सड़क पर लेटकर धरना देंगे।
वादा पूरा नहीं होने पर पुनीत टंडन 15 अगस्त को धरने पर बैठ गए। उनका धरना 19 अगस्त तक चला। इसी दिन पीडब्ल्यूडी के उच्च अधिकारी राजेश पंत और विभाग की ओर से 10 अक्टूबर तक सड़क खोलने का लिखित आश्वासन मिलने पर उन्होंने धरना समाप्त किया। उन्होंने विभाग को अतिरिक्त समय देते हुए 10 नवंबर तक की मोहलत भी दी।
इसके बावजूद 10 अक्टूबर की समयसीमा बीत गई और लोअर मॉल रोड नहीं खुली। इस पर पुनीत टंडन ने 14 अक्टूबर को चेतावनी दी कि 1 नवंबर को वह अपने अगले कदम का सार्वजनिक ऐलान करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार 1 नवंबर की सुबह उन्होंने दो टूक कहा कि 10 नवंबर तक सड़क नहीं खुली तो 11 नवंबर को दोपहर एक बजे से अन्न-जल त्यागकर आमरण अनशन शुरू करेंगे।
इस चेतावनी के अगले ही दिन 2 नवंबर की शाम छह बजे प्रशासन ने लोअर मॉल रोड को पूरी तरह यातायात के लिए खोल दिया। सड़क खुलने से क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है। अप्रैल से नवंबर तक जारी इस मुहिम में पुनीत टंडन ने लगातार मुद्दा उठाते हुए सड़क खोलने की मांग को लेकर अधिकारियों पर दबाव बनाए रखा।
खबरी दाजू डॉट कॉम — हर खबर पर दाज्यू की नजर।



















