न्यूज

उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रमुख चेहरे डॉ. नारायण सिंह जंतवाल का निधन, कूटा ने जताया शोक

 

नैनीताल। उत्तराखंड के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी डॉ. नारायण सिंह जंतवाल के निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। दिल्ली में उनके निधन की सूचना से कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उनके पार्थिव शरीर के दोपहर बाद तक नैनीताल पहुंचने की संभावना जताई गई है।

राज्य आंदोलन से विधानसभा तक रहा सफर

डॉ. नारायण सिंह जंतवाल उत्तराखंड राज्य आंदोलन से जुड़े प्रमुख क्षेत्रीय नेताओं में शामिल रहे। वह उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) से जुड़े रहे और वर्ष 2002 में उत्तराखंड की पहली विधानसभा के चुनाव में नैनीताल सीट से विधायक निर्वाचित हुए। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को हराकर विधानसभा में प्रवेश किया था। वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने नैनीताल सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

राज्य गठन के बाद उत्तराखंड की मूल अवधारणा, स्थायी राजधानी, मूल निवास और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर भी वह लगातार अपनी राय रखते रहे। नवंबर 2023 में उन्होंने स्थायी राजधानी, मूल निवास, भू-कानून और पलायन जैसे विषयों को राज्य के अनसुलझे मुद्दों में शामिल बताया था। >

कूटा ने जताई संवेदना

कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ ने डॉ. जंतवाल के निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। विश्वविद्यालय के शिक्षकों और एलुमनी सेल से जुड़े सदस्यों ने भी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

डॉ. जंतवाल की पत्नी कुमाऊं विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग की पूर्व विभागाध्यक्ष रही हैं।

खबरी दाजू.com

 

Advertisement