पितृछाया से वंचित बालिकाओं की शिक्षा के लिए आगे आया नैनीताल, 25 विद्यार्थियों को मिलेगी छात्रवृत्ति
हिलट्रेक सोसाइटी की पहल को व्यवसायियों, शिक्षाविदों और समाजसेवियों का मिला व्यापक सहयोग; निःशुल्क यूनिफॉर्म और दंत उपचार की भी घोषणा
खबरी दाजू पोर्टल, नैनीताल। पिता अथवा माता-पिता दोनों के संरक्षण से वंचित बालिकाओं की शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए नैनीताल का समाज एकजुट होकर आगे आया है। हिलट्रेक सोसाइटी फॉर एजुकेशन, एनवायरनमेंट एंड एनर्जी की ओर से सीआरएसटी इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में नगर के व्यवसायियों, शिक्षाविदों और समाजसेवियों ने 25 विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति सहित कई महत्वपूर्ण सहायता की घोषणाएं कीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने दीप प्रज्वलित कर किया। सोसाइटी के फाउंडर मेंबर वैभव जोशी (IIT BHU) ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी दी। फाउंडर मेंबर कुशाग्र जोशी (IIT गुवाहाटी) के योगदान का भी उल्लेख किया गया। को-फाउंडर अद्विका ने संस्था की भावी योजनाओं की जानकारी दी।
छात्रवृत्ति के तहत एलपीएस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य भुवन चंद्र त्रिपाठी ने चार, बिड़ला विद्या मंदिर ने छह, होटल व्यवसायी आशीष बजाज ने पांच तथा व्यवसायी मारुति साह ने दस विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग की घोषणा की। मारुति साह ने आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए एक लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता देने का भी संकल्प लिया। वहीं आज्ञाज कलेक्शन के स्वामी अमनदीप सिंह ने प्रतिवर्ष दस छात्राओं को निःशुल्क विद्यालयी यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने की घोषणा की।
बालिकाओं के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी उठाते हुए दंत चिकित्सक डॉ.
अभिनव गंगोला ने उनकी विद्यालयी शिक्षा पूरी होने तक प्रतिवर्ष निःशुल्क दंत परीक्षण और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। समाजसेवी कविता गंगोला ने भी संस्था के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में शेरवुड कॉलेज के प्रधानाचार्य अमनदीप संधू ने आयोजन में विशेष सहयोग दिया और भविष्य में भी संस्था को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। रामा मॉन्टेसरी स्कूल की संस्थापक नीलू एलन्स ने बच्चों के लिए नाश्ते की व्यवस्था की। सीआरएसटी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मनोज पांडे ने आयोजन के लिए विद्यालय का सभागार निःशुल्क उपलब्ध कराया।
मुख्य अतिथि एडीएम विवेक राय ने संस्था की पहल की सराहना करते हुए जिला प्रशासन की ओर से भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। नैनीताल के प्रथम आईटी उद्यमी विनय साह, नैनीताल समाचार के संपादक राजीव लोचन साह, होटल व्यवसायी आलोक साह सहित अन्य गणमान्य लोगों ने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम का संचालन हेमंत बिष्ट ने किया। आयोजन में अजय रावत, नवीन जोशी, विनोद जोशी, मंजुलता कोहली सहित अनेक लोगों का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर परी साह, अर्चित विगोय, वासु साह, गिरीश संजय तिवारी, अश्वनी साह, सैनिक स्कूल के प्रधानाचार्य बीएस मेहता, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं बालिकाओं के अभिभावक उपस्थित रहे।
समापन पर सोसाइटी के फाउंडर मेंबर वैभव जोशी के माता-पिता आलोक जोशी एवं सुनीता जोशी ने सभी अतिथियों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। संस्था का संकल्प है कि कोई भी बालिका आर्थिक अथवा पारिवारिक परिस्थितियों के कारण शिक्षा और अपने सपनों से वंचित न रहे।
खबरी दाजू | हर खबर पर दाज्यू की नजर | khabridaju.com

