नैनीताल। नैनीताल की मॉल रोड पर शुरू की गई FASTag व्यवस्था को लेकर माँ नैना देवी नैनीताल व्यापार मंडल ने सवाल खड़े किए हैं। व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत टंडन ने आरोप लगाया है कि FASTag व्यवस्था केवल दिखावे तक सीमित रह गई है। जमीनी स्तर पर वाहनों को अब भी नकद, क्रेडिट कार्ड मशीन और QR कोड के माध्यम से पास कराया जा रहा है। ऐसे में FASTag लागू करने का मूल उद्देश्य ही पूरा नहीं हो पा रहा है।
11 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के साथ साझा किए गए वीडियो का हवाला देते हुए पुनीत टंडन ने कहा कि मॉल रोड पर FASTag व्यवस्था शुरू होने का प्रचार तो हुआ, लेकिन मौके पर इसका प्रभावी इस्तेमाल दिखाई नहीं दे रहा है। इस व्यवस्था को लागू करने का उद्देश्य टोल प्रक्रिया को तेज करना, ट्रैफिक बॉटलनेक कम करना और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना था, लेकिन वर्तमान स्थिति में पुराने तरीके से ही वाहनों की आवाजाही कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के साथ-साथ कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठकों में भी इस व्यवस्था को जल्द शुरू करने पर चर्चा हुई थी। जिलाधिकारी ने भी व्यक्तिगत रूप से इसकी उपयोगिता को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र संचालन के निर्देश देने की बात कही थी। इसके बावजूद धरातल पर अपेक्षित बदलाव नजर नहीं आ रहा है।
टंडन ने बताया कि उच्च न्यायालय के निर्देश पर गठित हाई पावर्ड कमेटी में माँ नैना देवी व्यापार मंडल भी शामिल है। यातायात प्रबंधन को लेकर हुई चर्चाओं में FASTag व्यवस्था शुरू किए जाने की जानकारी भी दी गई थी। उन्होंने कहा कि यदि व्यवस्था वास्तव में लागू है तो उसका उपयोग भी उसी अनुरूप दिखाई देना चाहिए।
उन्होंने यह भी बताया कि जब नगरपालिका नैनीताल टोल वसूली करती थी, उस दौरान HDFC बैंक की ओर से तीन स्थानों के लिए FASTag उपकरण उपलब्ध कराए गए थे, जो आज भी नगरपालिका के गोदाम में पड़े धूल फांक रहे हैं। बाद में निजी टेंडर प्रक्रिया के बाद संबंधित ठेकेदार की ओर से उपकरण लगाए जाने की बात सामने आई, लेकिन वर्तमान संचालन को देखकर व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं।
व्यापार मंडल अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो आगामी पीक पर्यटन सीजन में मॉल रोड पर यातायात का दबाव और जाम की समस्या गंभीर रूप ले सकती है। उन्होंने मांग की कि उच्चाधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर FASTag व्यवस्था की वास्तविक स्थिति और प्रभावशीलता की जांच करें तथा इसे पूरी क्षमता से संचालित कराएं।
पुनीत टंडन ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर हाई पावर्ड कमेटी के सदस्य के रूप में इस पूरे मामले को स्टैंडिंग काउंसिल के माध्यम से लिखित रूप में संबंधित कमेटी के समक्ष रखा जाएगा। साथ ही व्यापार मंडल की ओर से जिलाधिकारी कार्यालय में भी लिखित शिकायत एवं नाराजगी दर्ज कराई जाएगी।
खबरी दाजू | हर खबर पर दाज्यू की नजर

